विद्युत उपकेंद्र दिलदारनगर के निविदा कर्मचारी, लाइनमैन एवं मीटर रीडर कर्मचारी तीन माह का वेतन ना मिलने के कारण बुधवार को कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए। सुबह 10 बजे से धरने पर बैठने की वजह से कई गांव विद्युत फाल्ट होने के बाद मरम्मत करने के लिए कोई भी कर्मचारी फील्ड में नहीं गया। इसके चलते बिजली को लेकर लोग परेशान दिखे।
इस संबंध में कपिल गुप्ता ने बताया कि विद्युत मजदूर के बैनर तले जिला संयोजक शिवदर्शन सिंह (मामा जी) के नेतृत्व में वेतन की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार करने के लिए विवश होना पड़ा। हम निविदा कर्मियों का जब- तक भुगतान नहीं होगा। तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस मौके पर रामविलास यादव, अनिल कुमार प्रजापति, अनिल कुमार प्रजापति, आनंद, शिवपूजन, रमेश कुमार, रामकृष्ण, संतोष, प्रेम हामी, राकेश कुमार, भगवान, संजय, उपेंद्र पासवान, राजेंद्र कुमार राय, इम्तियाज खां, बलिराज आदि लोग मौजूद रहे।
सेवराई संवाददाता के अनुसार संविदा कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों के तहत जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों के प्रदर्शन पर चले जाने के कारण संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही। संगठन की जिला इकाई के द्वारा अपनी मांग पत्र संबंधित उच्च अधिकारियों को सौंपा गया। निविदा कर्मियों के धरने पर चले जाने के कारण क्षेत्र के करीब सैकड़ों गांव में डेढ़ लाख से भी अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। निविदा कर्मियों के मांग पत्र को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन ने आनन फानन में एक माह का भुगतान करने के साथ ही उन्हें अगले माह अन्य 2 महीने की भुगतान कराने का आश्वासन दिया। जिसके उपरांत निविदा कर्मियों का धरना प्रदर्शन समाप्त कराया गया। सेवराई विद्युत उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। निविदा कर्मियों ने बताया कि तीन महीने से मानदेय नहीं मिला है। इसके कारण परिवार के भरण-पोषण के साथ ही मूलभूत जरूरी चीजों की पूर्ति के लिए भी हमें समस्याएं उठानी पड़ रही है। शेष दो माह का भुगतान जल्द से जल्द कराने की मांग की। चेताया कि अगर भुगतान करने में लापरवाही की जाती है तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। अधिशासी अभियंता जमानिया हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि निविदा कर्मियों की मांग पत्र को उच्च अधिकारियों को प्रेषित किया जा चुका है।