गहमर स्थित गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की भीड़-स्रोत-पाठक
सेवराई। क्षेत्र के गहमर में स्थित एक गैस एजेंसी पर मंगलवार को गैस रिफिलिंग कराने पहुंचे लोगों को घंटों कतार में खड़ा होना पड़ा। रसोई गैस सिलिंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर जमकर हंगामा किया। कई उपभोक्ताओं को बैरंग वापस लौटना पड़ा। गहमर गांव निवासी उपभोक्ता संदीप सिंह, पिंटू सिंह, राजेश यादव और संतोष आदि का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पूर्व ही एजेंसी की ओर से गैस की बुकिंग कर पैसा जमा करा लिया गया था और तीन नवंबर को रसोई गैस सिलिंडर देने के लिए पर्ची दी गई थी। लेकिन, जब उपभोक्ता गैस लेने एजेंसी पर पहुंचे तो उन्हें गैस सिलिंडर देने से मना कर दिया गया। उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक पर गैस की कालाबाजारी करने का भी आरोप लगाया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। वहीं गैस एजेंसी के प्रबंधक अमजद हुसैन ने बताया कि बुकिंग ज्यादा होने के कारण कुछ असहजता उत्पन्न हुई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। खाद्य आपूर्ति निरीक्षक सेवराई मोहम्मद मोहिद ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।