गाजीपुर। पेरिस ओलंपिक में भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को ओवरवेट होने के चलते अयोग्य करार दिया गया है। इसे लेकर बृहस्पतिवार को जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रतिनिधिमंडल नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। राष्ट्रपति को संबोधित एक पत्रक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के माध्यम से भेजा गया है। कहा कि देश की बेहतरीन महिला पहलवान विनेश फोगाट जो गोल्ड जीतने जा रही थी, उन्हें फाइनल मैच से पहले जिस तरह से अयोग्य घोषित कर दिया गया है, इसमें साजिश नजर आ रही है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि विनेश फोगाट भ्रष्टाचार और पहलवानों के उत्पीड़न को लेकर आवाज उठाती रही हैं। पेरिस ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद फाइनल से पहले उन्हें अयोग्य करार दिया गया, इसकी उच्चस्तरीय इसकी जांच होनी चाहिए। एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, मारकंडेय सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता अजय श्रीवास्तव, जनक कुशवाहा ने कहा कि विनेश फोगाट देश की शान हैं, लेकिन आज वे सत्ता की गंदी राजनीति का शिकार हो गईं। इस मौके पर राघवेंद्र कुमार, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुन्ना चंद्रिका सिंह, विद्याधर पांडे, राजीव सिंह, हामिद अली आदि उपस्थित रहे।