रोडवेज बस डिपो परिसर स्थित इंदिरा गांधी के प्रतिमा स्थल तक पहुंची जुलूस यात्रा कांग्रेस पार्टी
- फोटो : संवाद
गाजीपुर। वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार की शाम कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। यह मार्च सिटी रेलवे स्टेशन से मालगोदाम रोड होते हुए रोडवेज बस स्टैंड स्थित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा के पास पहुंचकर समाप्त हो गया। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट चोरी कर रही है। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि यह सरकार वोटों की चोरी करके बनी है और इसे इस्तीफा दे देना चाहिए। एआईसीसी सदस्य रविकांत राय और पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा सरकार वोटों की चोरी करके लोकतंत्र की हत्या कर रही है, जिसे जनता भी समझ चुकी है। उन्होंने मांग किया कि इस सरकार को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने हाथों में कांग्रेस का झंडा और मशाल लेकर सड़क पर कतारबद्ध होकर नारे बाजी की। इस अवसर पर जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, सदानंद गुप्ता, सतीश उपाध्याय, शशि भूषण राय, सीमा विश्वकर्मा, आलोक यादव आदि मौजूद रहे।