आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को कांग्रेस की ओर से शहीद पार्क परिसर से आजादी की गौरव यात्रा का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ जिलाध्यक्ष सुनील राम ने शहीद स्मारक भवन पर तिरंगा फहराने के बाद बलिदानी अमर शहीद डा. शिवपूजन राय एवं वंशनारायण राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह बलिदानियों की पावन भूमि है। महात्मा गांधी के आह्वान पर 18 अगस्त 1942 को डा. शिवपूजन राय के नेतृत्व में आठ क्रांतिकारियों ने तहसील भवन पर तिरंगा फहराने के लिए बलिदान दिया था। बलिदानियों ने अपने सीने पर गोलियां खाई लेकिन तिरंगे को झुकने नहीं दिया और तिरंगा फहराकर ही दम लिया था।
उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में गरीब परेशान है और महंगाई चरम पर है। शहीद पार्क एवं भवन उपेक्षित पड़ा हुआ है। इन समस्याओं को ध्यान में रखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्णय पर आज से आजादी की गौरवयात्रा का शुभारंभ हुआ है। यात्रा एक सप्ताह में 75 किलोमीटर की दूरी तय कर 15 अगस्त को गाजीपुर स्थित आमघाट पार्क पहुंचेगी, जहां समापन कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी कश्मीर से कन्या कुमारी तक पदयात्रा करेंगे। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, डा. मारकंडेय सिंह, लालसाहब यादव, रविकांत राय, अजय कुमार दूबे, वीरेंद्र राय, इरफान खां, असलम खां, हबीब अहमद, सीताराम राय, जफरूल्ला अंसारी आदि मौजूद थे।