गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापकों की भर्ती के दूसरे और अंतिम दिन मंगलवार को कुल 14 अभ्यर्थी ही काउंसिलिंग कराने उपस्थित हुए। जिले में कुल 140 रिक्त पदों में से दो दिनों में 134 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई। जबकि छह अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। काउंसिलिंग के पहले दिन सोमवार को कुल 120 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता के निलंबित होने से बेसिक का अतिरिक्त प्रभार प्राप्त जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी राय ने मौके पर पहुंच कर काउंसिलिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड के नियमों का पालन करते हुए काउंसिलिंग की प्रक्रिया को पूर्ण कराया। मौके पर उपस्थित कई अभ्यर्थियों की शिकायतों को उन्होंने सुना और उसका समाधान बताया। संवाद