रेवतीपुर। सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बुधवार की देर शाम स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस बीच वार्ड में बेडों पर गंदी चादर देख भड़क गए और तत्काल उसे बदलवाने का निर्देश दिया। शौचालय में पानी व पेयजल की व्यवस्था भी खराब देख आपत्ति जताई और व्यवस्था दुरुस्त करने का प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया। सीएमओ के पूछने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. इमाम हुसैन सिद्दीकी ने बताया कि आरओ महीनों से खराब पड़ा हुआ है। साथ ही शौचालय के पानी सप्लाई का पाइप टूट गया है। इसके चलते दिक्कत उठानी पड़ रही है। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने जल्द मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही सीएचसी के खिड़की, दरवाजे व भवन की रंगाई पोताई के साथ ओपीडी भवन की छत दुरुस्त कराने को कहा। अस्पताल में विद्युत की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। सीएमओ ने निर्देश दिया कि आपात सेवा के लिए एक डाक्टर, फार्मासिस्ट व स्वास्थ्य कर्मी हमेशा तैयार रहे। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इस मौके पर भाजपा के मंडल प्रभारी लल्लन सिंह, विवेक शर्मा, विक्की राय, रितेश राय मौजूद रहे।