बारा। विद्यालयों की छत एवं परिसर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के मामले का मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। इस मामले की जांच शुरू होते ही विद्युत विभाग में खलबली मच गई है।
कंपोजिट विद्यालय बारा के गेट के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन लाइन के तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। अमर उजाला ने 12 जुलाई के अंक में इस खबर को सचित्र प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने जिलाधिकारी गाजीपुर को प्रकरण की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव संजय प्रसाद ने 16 जुलाई को पत्र जारी कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। इससे बिजली विभाग में खलबली मची है। पत्र मिलते ही आनन-फानन में सोमवार को बारा के अवर अभियंता रामप्रवेश चौहान विद्युत कर्मचारियों के साथ कंपोजिट विद्यालय बारा के गेट के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की जांच करने पहुंचे। शासन स्तर से शुरू हुई जांच के बाद विद्युत विभाग हलाकान है।
हाईटेंशन लाइन का तार कंपोजिट विद्यालय के बाहर है। पत्र मिलते ही जांच की गई। विद्यालय के बाहर से केबिल को हटाने के लिए स्टीमेट बनाकर विभाग के उच्चधिकारियों को भेजेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।- रामप्रवेश चौहान, अवर अभियंता बारा