कासिमाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आठ फरवरी को निर्माणाधीन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के संभावित निरीक्षण को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी एमपी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह अधिकारियों की टीम संग पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 309 स्थित धरवार कला गांव पहूंचे। निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों से कार्यक्रम की रूप रेखा, सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश की जानकारी ली। डीएम ने प्रगति रिपोर्ट देखने के बाद दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए निर्माण करने वाली ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड संस्था तैयारी में लग गई है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करने के साथ मुख्यमंत्री निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक एवं जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे। संभावित कार्यक्रम के मुुताबिक मुख्यमंत्री लखनऊ से वाराणसी आएंगे। वहां से सुबह 10 बजे कासिमाबाद में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बने हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करने के बाद निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं, 500 लोगों के साथ जनसंवाद स्थापित करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को अलग से समीक्षा करते हुए सुरक्षा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। इसमें जिले के सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद श्यामजी यादव को अभी से तैयारी में लग जाने का निर्देश दिया।