औड़िहार। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और भीषण उमस के बीच यात्रा एक कर्मचारी के लिए जानलेवा साबित हुई। वाराणसी के कैथी स्थित मार्कंडेय धाम दर्शन-पूजन के लिए जा रहे मऊ निवासी शिक्षा विभाग के कर्मचारी की ट्रेन में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मऊ जनपद के शहर क्षेत्र निवासी जनार्दन प्रसाद (58) शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। मृतक के पुत्र ने बताया कि वह भटनी-वाराणसी सिटी मेमू ट्रेन से मार्कंडेय धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। उन्हें औड़िहार रेलवे स्टेशन पर उतरकर सड़क मार्ग से कैथी जाना था। बताया कि ट्रेन में अत्यधिक भीड़ थी और बैठना तो दूर, खड़े होने तक की पर्याप्त जगह नहीं थी। किसी तरह डिब्बे में खड़े होकर यात्रा कर रहे जनार्दन प्रसाद की भीड़ और उमस के कारण अचानक तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद वह ट्रेन के भीतर अचेत होकर गिर पड़े। औड़िहार स्टेशन पहुंचने पर परिजन उन्हें उतारकर तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया कि आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव को लेकर घर चले गए।