क्षेत्र के गन्नापुर गांव में बृहस्पतिवार को जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें छह लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं लाठी से एक-दूसरे पर वार कर रही हैं। गांव निवासी हीरा राम अपनी जमीन पर दीवार का निर्माण करवा रहे थे। इस पर गांव की महिलाओं और पुरुषों ने आपत्ति जताई और निर्माण कार्य रोकने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर मामला शांत कराया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। छानबीन करने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई होगी।