गाजीपुर। गृहमंत्री अमित शाह की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर पर दिए गए बयान को लेकर सियासत शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को सपा छात्रसभा के नेता एसपी कार्यालय के सामने तो आजाद समाज पार्टी कांशीराम के कार्यकर्ता जखनिया तहसील गेट पर गृहमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश की। इस दौरान पुतला छीनने को लेकर पुलिस से जमकर नोकझोंक, छीना-झपटी और धक्कामुक्की हुई। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की। इससे हंगामे की स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस ने गृहमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश कर रहे नेताओं को नाकाम कर दिया।दोपहर 12 बजे सपा छात्रसभा के नेता एसपी कार्यालय के सामने गृहमंत्री का पुतला फूंकने पहुंचे। जानकारी होने पर सतर्क पुलिस पुतला फूंकने से रोकने लगी। सीओ सदर सुधाकर पांडेय, शहर कोतवाल दीन दयाल पांडेय और पुलिस कर्मियों से प्रदर्शनकारियों की जमकर नोकझोंक, छीना-झपटी और धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने गृहमंत्री का पुतला फूंकने नहीं दिया। इससे आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सपा छात्र सभा के जिला अध्यक्ष अभिषेक कुशवाहा, जिला प्रमुख महासचिव मनीश्वर यादव,प्रदेश सचिव कमलेश यादव, कृष्ण यादव नवीन यादव आदि मौजूद रहे। दुल्लहपुर: आजाद समाज पार्टी कांशीराम के कार्यकर्ता गृहमंत्री अमित शाह का पुतला लेकर जखनिया तहसील गेट पर पहुंचे। उन्होंने जैसे ही पुतला फूंकने की कोशिश की मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतला छीन लिया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इस दौरान प्रदेश संगठन सचिव विनय सागर, जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार बंधन, गोरखनाथ बौद्ध, हरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। उधर, भीम आर्मी के जिला संयोजक मनोज कुमार गौतम एडवोकेट के नेतृत्व में नेताओं में कासिमाबाद तहसील परिसर में दोपहर 12ः30 बजे गृहमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान संतोष कुमार, सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।