गाजीपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 97 गाजीपुर-सैयदराजा वाया जमानिया मार्ग पर गंगा नदी पर स्थित वीर अब्दुल हमीद सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण मरम्मत का कार्य 13, 14 एवं 15 नवंबर तथा 18, 19 एवं 20 नवंबर तक किया जाएगा। इस अवधि में हमीद सेतु पर आवागमन पूर्णतया बंद रहेगा। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने बताया कि 16 एवं 17 तथा 21 एवं 22 नवंबर को एक साइड से आवागमन (पैदल एवं दो पहिया वाहन) के लिए उपलब्ध रहेगा। उक्त के बाद परियोजना निदेशक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण वाराणसी की आख्या के अनुसार सेतु पर वाहनों का आवागमन पूर्णरूपेण खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि राहगीरों के आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था की गई है। हल्के वाहनों को जमानिया से धरम्मरपुर सेतु से होकर चोचकपुर के रास्ते जनपद मुख्यालय पर आवागमन के लिए मार्ग उपलब्ध रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए गंगा नदी के दोनों तरफ कार्मिकों की व्यवस्था की गई है। जिनके माध्यम से किसी प्रकार की समस्या का निदान किया जा सकता है। बताया कि उक्त के लिए उपजिलाधिकारी सदर के दूरभाष संख्या 9454417075 तथा उपजिलाधिकारी जमानिया के दूरभाष संख्या 9454417071 पर भी संपर्क किया जा सकता है।