करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के रजौली गांव निवासी सीआईएसएफ के जवान राधेश्याम यादव का हृदय गति रुकने से शनिवार को निधन हो गया था। रविवार को पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। रोने- बिलखने से गांव में चीख-पुकार मच गई। सुल्तानपुर स्थित गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रजौली गांव निवासी राधेश्याम यादव की तैनाती महाराष्ट्र प्रदेश के सोलापुर एनटीपीसी में थी। वह ड्यूटी के दौरान मेस में अपने साथी जवानों के साथ नाश्ता कर रहे थे कि अचानक उनको हार्ट अटैक आ गया। ऐसे में वह वहीं गिर पड़े। साथी जवान उन्हें उपचार के लिए तत्काल पास ही में ही स्थित अस्पताल ले गए। जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उपचार प्रारंभ कर दिया।
थोड़ी ही देर में दूसरी बार हार्ट अटैक पुन: आ गया। डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीआईएसफ के अधिकारी एवं साथी जवान राधेश्याम का पार्थिव शरीर गांव लेकर पहुंचे। इधर ग्राम प्रधान लल्लन राजभर सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने नम आंखों से जवान के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जवान की पत्नी संतरा देवी का रो- रोकर बुरा हाल था। जवान का एक पुत्र एवं तीन पुत्रियां हैं। अभी किसी की शादी नहीं हुई है। सुल्तानपुर स्थित गंगा घाट पर जवान को अंतिम विदाई दी गई। मुखाग्नि उनके पुत्र उपदेश यादव ने दिया।