गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत नौ विकासखंडों की 12 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए रविवार को को उत्साह के बीच वोट डाले गए। इस दौरान 67.39 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इन ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियो के निधन के चलते मतदान निरस्त किया गया था। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिले के 16 विकासखंडों में 29 अप्रैल को मतदान कराया गया था। प्रधान पद के प्रत्याशियों के आकस्मिक निधन के कारण जिले के नौ विकासखंडों के बारह ग्राम पंचायतों में रविवार को मतदान कराया गया। सुबह सात बजे से सुरक्षा के बीच शुरु हुआ मतदान शाम छह बजे तक चला। सदर ब्लाक के तलवल और जैतपुरा में भी लोगों ने वोट डाले। जमानिया : स्थानीय ब्लाक के दो ग्राम पंचायतों ढढ़नी रणवीर राय एवं लहुवार में 14 बूथों पर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। तहसीलदार घनश्याम, क्षेत्राधिकारी हितेंद्र कृष्ण एवं कोतवाल रविंद्रभूषण मौर्य ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर जायजा लिया। इन ग्राम पंचायतों में 61.94 तथा 58.12 प्रतिशत मतदान हुआ। मरदह : पृथ्वीपुर ग्राम पंचायत में प्राथमिक विद्यालय पर मतदान संपन्न हुआ। 3217 मतदाताओं में 66.61 प्रतिशत यानी 2150 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। ग्राम पंचायत के 11 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई। करीमुद्दीनपुर : असावर ग्राम पंचायत में 2780 में 1818 मत पड़े। करंडा : अलीपुर बनगांवा में 65.34 फीसदी लोगों ने मतदान किया। बिरनो : शहाबुद्दीनपुर में 79 प्रतिशत तथा देवकली : भिक्खेपुर में 74.68 प्रतिशत मतदान हुआ। मौधा : करमपुर ग्राम पंचायत में 55.35, मनिहारी : आगापुर में 72.93 मतदान हुआ। आरओ जयप्रकाश नारायण तिवारी ने बताया कि मतगणना नियत तिथि को संबंधित ब्लॉक मुख्यालय पर सुबह आठ बजे से शुरु होगी।