गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत बृहस्पतिवार को जिले में मारपीट और हवाई फायरिंग आदि घटनाओं के बीच मतदान संपन्न हुआ। इस चुनाव में सभी सोलह विकासखंडों में करीब 65 फीसदी मतदान की जानकारी रात साढ़े आठ बजे तक प्राप्त हुई थी। हालांकि इस दौरान कुछ विकासखंडों के कई बूथों पर मतदान का कार्य जारी थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिले के सोलह विकासखंडों में ग्राम पंचायत के प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र एवं जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरु कराया गया। मतदान शुरु होते ही विभिन्न बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई थी। सुबह के समय धूप का प्रभाव कम होने के कारण मतदाताओं की कतार बूथों पर लग गई थी। जैसे-जैसे समय बीतता गया मतदान में तेजी आती गई। दिन में एक बजे के बाद मतदान में कुछ कमी आई। सुबह नौ बजे जहां 15 प्रतिशत मतदान हुआ था वहीं दिन में 11 बजे 27 एवं एक बजे तक 41 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसके बाद तीन बजे तक 51 प्रतिशत एवं पांच बजे लगभग 60 फीसदी लोगों ने मतदान कर लिया था। मतदान के दौरान कई विकासखंड क्षेत्रों में प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों के बीच मारपीट एवं हवाई फायरिंग आदि की घटनाएं हुई। जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ ही अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कराकर मतदान को सुचारू कराया। कई बूथों पर विभिन्न कारणों से मतदान या तो देर से शुरु हुआ या तो उसमें कुछ देर के लिए व्यवधान उत्पन्न हुआ। जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने समस्या का समाधान कराकर मतदान शुरु कराया। शाम छह बजे तक जिले के सभी सोलह विकासखंडों में करीब 65 फीसदी मतदान की जानकारी मिली थी। कंट्रोल रूम के अनुसार निर्धारित समय के बाद भी कई ग्रामीण क्षेत्रों के बूथों पर मतदाताओं की कतार मतदान के लिए लगी थी। प्रेक्षक ने भी कई बूथों का निरीक्षण कर मतदान का जायजा लिया।