सादात/जखनिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सादात ब्लाक की 88 ग्राम प्रधान की सीट के लिए 561 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की 103 सीट के लिए 476 प्रत्याशी मैदान में हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य की चार सीटों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। खंड विकास अधिकारी गोपाल यादव ने बताया कि निर्विरोध निर्वाचित प्रत्याशियों में रायपुर वार्ड-14 से केवली देवी, मिर्जापुर पंचम से ऊषा देवी, कनेरी वार्ड 83 से निशा और सरदरपुर वार्ड- 90 से लक्ष्मण शामिल हैं। ब्लाक में ग्राम पंचायत सदस्य की कुल 1104 सीटों में से 623 सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। शेष 481 सीटों के लिए 421 प्रत्याशी मैदान में हैं। बताया कि ग्राम प्रधान के लिए कुल 826 नामांकन पत्र दाखिल किए गए जिसमें 262 नामांकन पत्र वापस ले लिए गए। क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए कुल 542 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे जिसमें से 61 नामांकन वापस ले लिए गए। उन्होंने बताया कि ब्लाक में कुल एक लाख 98 हजार 626 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पर्चा वापसी के बाद जखनिया क्षेत्र के दो बीडीसी सदस्यों का निर्विरोध चयन हो गया। इस संबंध में आरओ कमल किशोर सिंह ने बताया कि पदुमपुर मैगर राय के वार्ड संख्या 108 में एक ही प्रत्याशी इंदु देवी पत्नी राजेश ने पर्चा भरा था। हथियाराम गांव के वार्ड संख्या 68 में पांच प्रत्याशियों ने पर्चा भरा था। इसमें चार के अपना पर्चा वापस लेने के बाद अब बीडीसी सदस्य मीरा देवी निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं।