विकासखंड जमानिया में नो-ड्यूज के लिए आए लोगों को मास्क का प्रयोग करने एवं सोशल डिस्टेंसिंग के लिए
- फोटो : GHAZIPUR
मौधा। पंचायत चुनाव के लिए जमानत राशि का चालान जमा करने के लिए सैदपुर के स्टेट बैंक आफ इंडिया शाखा के बाहर मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे रहे। तीखी धूप के बावजूद चालान जमा करने के लिए पूरे दिन धक्का मुक्की होती रही। जिले में नामांकन 17 एवं 18 अप्रैल को होना है। उम्मीदवारो को अपने नामांकन पत्र के साथ जमानत राशि के चालान की प्रति भी लगानी है। ऐसे में रोज ही लोग बैंक पहुंच रहे हैं। सुबह 10 बजे जब बैंक खुला तो 200 से अधिक लोग कतार में लगे थे। कुछ ही देर में तीन सौ मीटर लंबी कतार लग गई। लोगों का कहना है कि बैंक के बाहर ऐसी भीड़ नोटबंदी के समय में ही देखी गई थी। दूसरी ओर कतार में खड़े अधिकांश लोगों ने न तो मास्क पहना हुआ था और न ही कोई सोशल डिस्टेंसिंग का पालन ही कर रहा था। पुलिस प्रशासन भी मौके से गायब रहा। शाखा प्रबंधक उमेश सिंह ने बताया कि बैंक के अंदर कोरोना से बचाव के लिए बराबर एहतियात बरता जा रहा है। एक बार में मात्र 20 लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। इसी कारण भारी भीड़ लग रही है। उधर, तहसील परिसर में भी नामांकन पत्र भरवाने और नोटरी बनवाने वालों की भीड़ लगी रही।