बारा। गहमर से सोमवार को 12391 अप राजगीर - नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे गहमर गांव निवासी पवन सिंह ने यात्रियों के सहयोग से बच्चा चोरी करने वाली एक महिला चोर को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पकड़ी गई आरोपी महिला को वाराणसी के आरपीएफ के हवाले कर दिया गया।
गहमर गांव निवासी पवन सिंह उर्फ घुमंतू गहमर रेलवे स्टेशन से श्रमजीवी एक्सप्रेस के स्लीपर बोगी में सवार हुए। ट्रेन गहमर स्टेशन से आगे गई तो उनकी नजर गोद में बच्चा लिए एक महिला पर पड़ी। महिला बच्चे के गले की माला, हाथ का कड़ा और पैर में पहने चांदी की पायल खोल रही थी। यह देखकर पवन को शक हुआ कि बच्चा महिला का नहीं है। महिला बच्चे को चुराकर भाग रही है। उन्होंने यात्रियों के सहयोग से महिला को पकड़ लिया। महिला से पूछताछ करने पर वह किसी बात का संतोषजनक जवाब नहीं दे रही थी। इस पर पवन और ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों का शक और भी पुख्ता हो गया। उन्होंने बच्चे और महिला को वाराणसी आरपीएफ के हवाले कर दिया। पवन सिंह ने बताया कि बच्चे की उम्र करीब छह से सात माह है। महिला को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया है। हालांकि महिला आरपीएफ को अपना सही नाम पता नहीं बता रही थी। आरपीएफ द्वारा महिला के नाम पते का सत्यापन किया जा रहा है।