जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव के पास शुक्रवार को ट्रैक्टर के धक्के से एक बालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से चीख-पुकार मची रही।
शाहपुर लाठिया गांव निवासी गजाधर (12) सड़क पार कर रहा था। इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार मिट्टी लदी ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आस पास के लोगों ने आनन फानन में बालक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. रविरंजन ने बताया कि बालक को सिर में गंभीर चोट आई थी, उसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है। बीएचयू अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बालक कक्षा चार में जमानिया नगर के एक निजी विद्यालय में पढ़ता था। पांच बहन और दो भाईयों में वह सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध में कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बालक की मौत हो गई है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।