मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय यूनियन बैंक में मंगलवार को पैसा जमा करने गए एक खाताधारक को झांसा देकर उचक्कों ने 38 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस और बैंककर्मियों को दी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। भांवरकोल थाना क्षेत्र के मलिकपुरा गांव निवासी संजय कुमार राय मुहम्मदाबाद स्थित यूनियन बैंक में 68 हजार रुपये जमा करने गए थे। उचक्कों ने बैंक के अंदर उन्हें झांसा देकर 38 हजार रुपये उड़ा लिए। जब तक वह कुछ समझ पाते वह वहां से फरार हो गए। संजय कुमार राय ने घटना की जानकारी बैंक के अधिकारियों और कर्मियों को दी। बैंक की ओर से घटना की सूचना मुहम्मदाबाद कोतवाली को दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इस दौरान संदिग्ध दिखाई पड़ रहे युवक को बैंक कर्मचारी भी पहचान रहे थे। उनका कहना था कि यह युवक अक्सर बैंक में दिखाई देता है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।