मौधा। सैदपुर सीएचसी के अधीक्षक ने क्षेत्र के अनौनी, अलिमापुर व विशुनपुर मथुरा गांव के स्वास्थ उपकेंद्रों पर हुए अतिक्रमण को हटवाने के लिए एसडीएम को पत्र लिखा है। साथ ही आग्रह किया है कि इन स्वास्थ्य केंद्रों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। सैदपुर सीएचसी अधीक्षक डा. संजीव कुमार सिंह ने बताया कि अनौनी, अलिमापुर और विशुनपुर मथुरा गांव में स्थापित स्वास्थ्य उपकेंद्रों के परिसर की जमीन पर कुछ लोगों ने वर्षों से जबरन कब्जा जमाया हुआ है। उपकेंद्रों को अतिक्रमण मुक्त कराने के मामले में स्थानीय ग्राम प्रधानों की ओर से भी कोई सहयोग नहीं मिल पा रहा है। चिकित्सा अधीक्षक ने एसडीएम ओमप्रकाश से राजस्व विभाग की एक टीम तैयार करने का आग्रह किया है। जिससे उपरोक्त तीनों ग्रामों के उपकेंद्रों के जमीन की खतौनी निकाल कर उसकी पक्की नापी कराते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जमीनों को अराजक तत्वों से मुक्त कराया जा सके। एसडीएम ओमप्रकाश ने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्रों की नापी कराकर वहां से अतिक्रमण हटाने को लेकर एक पत्र प्राप्त हुआ है। राजस्व टीम तैयार है। जल्द ही कार्रवाई होगी।