भांवरकोल। पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी के निर्देश के बाद पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं मतगणना स्थल में परिवर्तन किया गया है। खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन सहित प्रतीक चिन्ह का आवंटन का कार्य पूर्व की तरह ब्लाक मुख्यालय परिसर पर ही संपन्न होगा। पोलिंग पार्टियां ब्लाक मुख्यालय की जगह अब मार्टिंस चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल से रवाना होंगी। चुनाव पार्टियां चुनाव से एक दिन पूर्व 28 अप्रैल को सुबह आठ बजे से मार्टिंस चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल से रवाना की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसी विद्यालय में स्ट्रांग रूम बनेगा जहां पोलिंग पार्टियां मतपेटिका जमा कर सकेंगी। मतगणना भी दो मई को इसी स्थल पर संपन्न होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।