गाजीपुर। मजदूरों को नि:शुल्क घर पहुंचाने में सरकारों की विफलता, कोरोना विपत्ति के दौर में भी सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने आदि के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के केंद्रीय आह्वान पर जिला इकाई की ओर से रुद्रदत्त भारद्वाज भवन स्थित जिला कार्यालय पर मंगलवार को धरना दिया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की सरकारें अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल हो रही हैं। मजदूरों का इस सदी का सबसे बड़ा पलायन है। उन्होंने कहा कि आर्थिक पैकेज के नाम पर लघु, मझोले उद्योगों को उबारने के नाम पर लोन दिया जा रहा है। सरकारी घोषणाएं सही रूप में क्रियान्वित नहीं हो रही है। सभी मजदूरों को राहत देने के लिए उन्हें एकमुश्त दस हजार रुपये देने, किसानों को फौरी तौर पर बारह हजार रुपये देने आदि का काम सरकारों को करना होगा। कहा कि गंभीर बीमारियों का इलाज कराने की व्यवस्था तथा कोरोना की जांच एवं चिकित्सा नि:शुल्क करने की सरकार व्यवस्था सुनिश्चित करे। अंत में राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को संबोधित 14 सूत्रीय मांगपत्र शासन के प्रतिनिधि को सौंपा गया। धरना में पार्टी के जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव, किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र यादव, सह सचिव जनार्दन राम, राम शुक्ला, ईश्वरलाल गुप्ता, हरिनारायण खरवार, विजय यादव, दुर्गा यादव, विक्रमा राजभर, मनोज कुमार सिंह, भानूप्रकाश ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता डा. रामबदन सिंह ने की।