उप जिलाधिकारी अश्विनी पांडेय ने शुक्रवार को सरकारी गेहूं खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र प्रभारी अनुपस्थित मिले। लक्ष्य से कम खरीद किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए हर हाल में निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र पर किसानों के बैठने के साथ पीने के पानी की व्यवस्था पर्याप्त मात्रा में मिली। कांटा मशीन, डस्टर फैन, ई-पास मशीन उपलब्ध रही। नमी मापक यंत्र मौजूद नहीं था।
उन्होंने बताया कि अभी तक 200 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है जो काफी कम है। निरीक्षण में उन्होंने केंद्र प्रभारी को लिखित रूप से निर्देशित किया कि घर-घर जाकर गेहूं की खरीद करें। निरीक्षण के समय केंद्र पर बोरी की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है एवं स्टाक की व्यवस्था समुचित है। उप जिलाधिकारी ने बताया कि कासिमाबाद गेहूं खरीद केंद्र को 20 हजार क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी तक चार किसानों से मात्र 200 क्विंटल ही खरीद की गई है। बताया गया है कि बाजार में किसानों को ज्यादा दाम मिल रहा है। यही कारण है कि वह इस बार अपना गेहूं सरकारी खरीद केंद्र पर देने में आनाकानी कर रहे हैं।