जमानिया। मनोनीत सभासद जयप्रकाश गुप्ता के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया है।
बीते 22 अक्तूबर को नपा बोर्ड की बैठक में वीडियो बनाने को लेकर मनोनीत सभासद जयप्रकाश गुप्ता व एक महिला सभासद व उनके पति से मारपीट हुई थी। जयप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने पालिका अध्यक्ष सहित पांच के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जाहिद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इधर पुलिस से न्याय नहीं मिलने से महिला सभासद ने अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि मनोनीत सभासद की ओर से अभद्र व्यवहार किया, छेड़छाड़ और गाली गलौज की। बीच बचाव में पहुंचे पति के साथ ही मारपीट भी की गई। घटना की लिखित सूचना कोतवाली और उच्चाधिकारियों को दी गई, लेकिन न्याय नहीं मिला। उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मनोनीत सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।