सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के भदौरा महावीर स्थान के पास बीते 15 मई को पिकअप और बस की हुई जोरदार टक्कर में पिकअप के चालक की मौत हो गई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी। मालूम हो कि ताड़ीघाट-बारा मुख्य मार्ग पर भदौरा गांव के सामने वाराणसी से मेडिकल का किट लेकर बक्सर जा रहे एक पिकअप की बारातियों को लेकर लौट रही बस से आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इस घटना में पिकअप चालक जौनपुर के चंदवक थाना के रसड़ा गांव निवासी वीर बहादुर यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि बस चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई रविचंद यादव ने अज्ञात बस चालक एवं बस के खिलाफ गहमर कोतवाली में तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरी तरफ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। सेवराई चौकी के इंचार्ज रामकुमार ओझा ने बताया कि मृतक पिकअप चालक के भाई ने बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।