जमानिया। विपणन शाखा केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए तौर की रफ्तार बेहद धीमी है। ऐसे में किसानों को सड़क किनारे गेहूं लदे ट्रैक्टर खड़ा कर के गेहूं बेचने का इंतजार करना पड़ रहा है। तौर की धीमी रफ्तार और कोई सुनवाई न होने से किसानों में नारजागी है। बरुइन गांव के रहने वाले आनंद तिवारी का कहना है कि बिक्री के पंजीकरण के बाद ऑनलाइन टोकन नहीं मिल पा रहा है। इससे गेहूं बेचने में परेशानी हो रही है। केंद्र के बाहर किसान ट्रैक्टर में गेहूं लेकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। केंद्र पर 300 क्विंटल से अधिक का कांटा नहीं किया जा रहा है। जिससे किसान परेशान हैं। ऐसे में बारिश से अनाज खराब होने की आशंका भी बढ़ गई है। किसान पिंटू सिंह ने बताया कि खुले बाजार में गेहूं का रेट कम होने से अधिकतर लोग केंद्र पर आश्रित हो गए हैं। केंद्र पर कांटा कम कर देने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी शैलेश यादव ने बताया कि एक कांटे से खरीद की जा रही है जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और लंबी कतार लग गई है। पहले दो कांटे चलते थे जिससे खरीद करने में आसानी हो रही थी। पुन: दूसरा कांटा चालू करने के लिए पत्र भेजा गया है।