अक्षय तृतीया को लेकर नगर के सराफा बाजारों में रौनक दिखने लगी है। 22 अप्रैल को पड़ने वाले इस पर्व पर सोना चांदी के आभूषण की खरीदारी को बेहद शुभ माना जाता है। आभूषणों की खरीदारी के लिए नगर के मिश्रबाजार, लालदरवाजा, प्रकाशनगर, सकलेनाबाद, बंशीबाजार स्थित दुकानों में ग्राहक अभी से आने लगे हैं। अक्षय तृतीया के दिन इन दुकानों पर काफी भीड़ रहती है, जिससे आवश्यकता अनुसार आभूषण नहीं मिल पाता। ऐसे में ग्राहक अभी से एडवांस बुकिंग के लिए दुकानों पर जा रहे हैं। वहीं सोने-चांदी के बढ़े भाव से दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। ग्राहकों को लुभाने के लिए कई दुकानदारों ने खरीदारी पर आफर और उपहार की भी व्यवस्था की है। दुकानदारों ने सोने चांदी के भाव बढ़ने से हल्के वजन के आभूषण की रेंज ज्यादा मगाई है। कई दुकानदारों का कहना है की अक्षय तृतीया पर होने वाली भीड़ से बचने के लिए कई ग्राहक अभी से एडवांस बुकिंग करा रहे हैं, जिससे पर्व के दिन आसानी से आभूषण ले जा सके। दूसरी ओर सोने चांदी के दामों में काफी उछाल हुआ है। जो कहीं ना कही ग्राहकों और दुकानदारों के लिए मुश्किल में डाल सकती है।