दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के जलालाबाद पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार की देर शाम दो बाइकों की टक्कर में गिरे युवक की बुलेट से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मुकदमा दर्जकर आरोपी बुलेट चालक को चिह्नित करने में जुटी हुई है।
मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के भेड़ियापार गांव निवासी विवेक यादव (20) और राहुल यादव (19) बाइक से नेवाजू बाबा स्थान गए थे। जहां से दूध चढ़ाकर घर लौट रहे थे। जलालाबाद के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार विवेक और राहुल सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान दुल्लहपुर से मऊ के तरफ जा रही तेज रफ्तार बुलेट का पहिया विवेक और राहुल के ऊपर चढ़ते हुए निकल गया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद चालक बुलेट लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही जलालाबाद चौकी प्रभारी रितेश द्विवेदी पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों के परिजनों उन्हें आजमगढ़ निजी अस्पताल लेकर चले गए। डॉक्टरों ने विवेक यादव की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। बुधवार की सुबह विवेक यादव की ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वाराणसी में ही मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने बताया कि मृतक विवेक यादव स्नातक में पढ़ने की तैयारी कर रहा था। मृतक के पिता बसंत यादव कृषि कार्य करके परिवार का जीविकोपार्जन करते हैं। मृतक छह भाइयों में सबसे छोटा था। सूचना मिलने पर मृतक की मां रामवती देवी सहित पूरा परिवार बिलख उठा। थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि अज्ञात बुलेट सवार के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन किया जा रहा है।