नंदगंज क्षेत्र के चौखड़ियां ढेलवां गांव निवासी विजय बिंद (21) की बुधवार की रात मोटरसाइकिल में एक सांड़ के टक्कर मारने से गिरकर मौत हो गई।
विजय बिंद गांव के ही अपने दोस्त सुनील बिंद के साथ तेरही कार्यक्रम में सकरा गांव जा रहा था। तभी घूरन बाजार के पास अचानक बगल के खेत से दौड़ते हुए आए सांड़ ने बाइक में टक्कर मार दिया। जोरदार टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरकर कुछ दूर तक घसीटती गई।
हादसे में विजय और सुनील दोनों घायल हो गए। आस पास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। विजय को सिर में गंभीर चोट लगी थी। जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, वहीं सुनील को हल्की चोट लगी थी। जिसे इलाज के बाद घर भेज दिया गया। विजय बिंद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक की मां श्यामा देवी सहित परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।