गहमर कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गदाईपुर गांव के पास बह रहे नाले में डूबकर रविवार को एक किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शेरपुर गदाईपुर गांव निवासी कैलाश यादव (52) कामाख्या धाम मंदिर के पीछे हुलास ब्रह्म बाबा मंदिर के पास बह रहे नाले के किनारे भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से वह नाले में जा गिरे। इधर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गांव के लोगों ने उन्हें नाले से बाहर निकाला। परिजन भी घटना की सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंच गए। अचेत कैलाश यादव को उपचार के लिए लोग सीएचसी भदौरा लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की तीन पुत्रियां एवं 1 पुत्र हैं। इनकी दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। जबकि छोटी पुत्री ज्योति और पुत्र छोटू यादव अभी अविवाहित हैं। घटना से गांव में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी उर्मिला देवी के साथ-साथ परिवारजन धाड़ें मारकर रोने बिलखने लगे। सीएचसी के चिकित्सक रविरंजन ने बताया कि ग्रामीणों एक व्यक्ति को लेकर आए थे जो कि पानी में डूबा हुआ था। यहां आने से पूर्व ही उसकी मौत हो चुकी थी। इस संबंध में कोतवाल पवन उपाध्याय ने बताया कि मृतक के भतीजे मिंटू के तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।