बीएसएफ के जवान को अंतिम सलामी देते क्षेत्राधिकारी सैदपुर महिपाल पाठक।
- फोटो : GHAZIPUR
खानपुर। जम्मू में तैनात बीएसएफ जवान का पार्थिव शरीर शनिवार की देर रात घर पहुंचा तो परिजन बिलख उठे। रविवार को वाराणसी स्थित कैथी गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में जवानों ने जवान को अंतिम सलामी दी। क्षेत्र के बहदिया गांव निवासी बीएसएफ के जवान उमाशंकर राम को बीते नौ जुलाई को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत पर जम्मू के आर्मी सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। सेना के अधिकारियों ने परिजको संदेश दिया था। शनिवार की रात जवान का पार्थिव शरीर बीएसएफ 183 बटालियन के सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में घर पहुंचता तो परिजन बिलखने लगे। जवान उमाशंकर दो भाइयों में सबसे बड़े थे। घर से शव यात्रा वाराणसी के कैथी गंगा घाट के लिए रवाना हुई। इस दौरान ग्रामीणाें ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। घाट पर जम्मू से आए बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में जवानों ने जवान उमाशंकर को अंतिम सलामी दी। जवानों ने पूरे सम्मान के साथ पार्थिव शरीर से तिरंगा उतारकर उनकी इकलौती पुत्री को सौंप दिया। इसके बाद भतीजे रोहित ने मुखाग्नि दी। जवान के छोटे भाई ओमप्रकाश ने बताया कि छुट्टी से 29 जून को उमाशंकर अपने तैनाती स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान कोरोना संक्रमण को देखते हुए चौदह दिन तक क्वारंटीन भी थे। जब उनके स्वैब की जांच हुई तो रिपोर्ट निगेटिव आई थी।