फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghazipur News: घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने में मतदाताओं की सहायता करेंगे बीएलओ

विज्ञापन
विज्ञापन
कासिमाबाद। उप जिलाधिकारी एवं जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ लोकेश कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में एसआईआर को लेकर पत्रकारों से वार्ता की। इस मौके पर उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत फार्म भरना काफी आसान बना दिया है। बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और उसे भरने में सहायता भी करेंगे।उन्होंने बताया कि जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में कुल चार लाख 24 हजार 52 मतदाता हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 442 बूथों पर उतने ही बीएलओ एवं 54 सुपरवाइजर लगाए हैं। उन्होंने फार्म 6, 7 एवं 8 के बारे में जानकारी दी। बताया कि प्रपत्र में मतदाता को जन्म तिथि, आधार संख्या (वैकल्पिक), पिता या अभिभावक का नाम एवं एपिक नंबर, माता का नाम एवं एपिक नंबर, मोबाइल नंबर जैसी मूल जानकारियां भरनी होगी। जिनके पास पहले से वोटर आइडी है, वह उसमें दर्ज एपिक नंबर भी लिख सकते हैं। इसके साथ ही एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो चिपकानी होगी और नीचे हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लगाना है। उन्होंने बताया कि अगर किसी मतदाता का नाम वर्ष 2003 में हुई एसआईआर की मतदाता सूची में है तो उससे जुड़ी जानकारी भी उसी प्रपत्र में भरनी होगी ताकि पुराना रिकार्ड लिंक किया जा सके। ऐसे मतदाताओं को कोई पहचान पत्र नहीं देना पड़ेगा। पूरा प्रपत्र भरने के बाद मतदाता को इसे बीएलओ को जमा करना होगा, जो इसकी जांच कर हस्ताक्षरित एक प्रति मतदाता को देंगे। गणना प्रपत्र भरने के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार के दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील किया कि वह गणना अवधि के दौरान सही-सही जानकारी भरें और समय से अपने प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध करा दें, ताकि उनका नाम बिना त्रुटि के मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। बताया कि 9 दिसंबर को पहली मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। दावे एवं आपत्तियोंं की अवधि 9 दिसंबर से 8 जनवरी तक रहेगी। 7 फरवरी 2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन होगा। इस मौके पर तहसीलदार कौशल चौरसिया, सुधीर कुमार आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें