गाजीपुर। निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के तहत बुधवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार संग मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक निर्वाचन कार्यालय में हुई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की अेार से कई बीएलओ की शिकायत की गई। किसी बीएलओ पर फाॅर्म सही ढंग से न भरने तो किसी के ओर से फाॅर्म का वितरण नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया गया। बैठक में शिकायत की गई कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र - 375 गाजीपुर के बूथ संख्या-196 पर तैनात बीएलओ की ओर से गलत फाॅर्म भरा जा रहा था, जिसे ठीक कराया गया। बूथ संख्या-195 के बीएलओ की ओर से सभी फार्मों का वितरण नहीं किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार ने सभी उप जिलाधिकारी/ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि वे तत्काल उक्त बूथ के बीएलओ से शत-प्रतिशत फाॅर्मों का वितरित कराना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार बूथ संख्या-109 को लेकर बताया गया कि बीएलओ की ओर से ठीक से कार्य नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर जांच कर कार्यवाही के लिए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देश दिया गया। इस मौके पर कांग्रेस से रविकांत राय, सपा से तहसीन अहमद, बसपा से सुभाष राम, भाजपा से अवधेश कुमार व आम आदमी पार्टी से जावेद अहमद मौजूद रहे।