बरेसर थाना क्षेत्र के सूतीहार गांव निवासी अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन पर खून से लथपथ मिला। सुबह चार बजे सेना भर्ती की तैयारी कर रहे नौजवानों ने शव की पहचान कर परिजनों के साथ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन हत्या की आशंका जताकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार राजाराम यादव के बड़े पुत्र रामजी यादव (50 वर्ष) शनिवार की रात खाना खाकर सोने चले गए। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन पर सुबह दौड़ रहे युवकों ने मृत अवस्था में देखकर सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के सिर और बाएं कनपटी पर गंभीर चोट के निशान थे और चेहरा खून से लथपथ था। मौके पर पहुंची पुलिस इस घटना को दुर्घटना बताकर शव कब्जे में लेकर थाना चली गई। कुछ देर बाद गांव वालों ने सूतिहार प्राथमिक विद्यालय के शौचालय के अंदर और बाहर बड़ी मात्रा में जमीन पर खून गिरा देखा तो सभी लोग चकित हो गए। ग्रामीण हत्या कर शव को दुर्घटना का रूप देते हुए सर्विस लेन पर ले जाकर रखना बता रहे हैं। रामजी प्रतिदिन की तरह घर के बारामदे में अकेले सोए थे। दूसरे घर में पत्नी भी सोई थी। रामजी किन परिस्थितियों में स्कूल के पास गए पता नहीं चल सका। मौके पर ग्रामीण पुलिस से इसे हत्या बताकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक भारती ने समझाकर आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
परिजनों के साथ ग्रामीणों ने बताया कि रामजी यादव का गांव में किसी से विवाद नहीं था और वह मिलनसार व्यक्ति थे। इस संबंध में बरेसर के थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क किनारे शव मिला है। बाएं कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान हैं। अब यह दुर्घटना है या हत्या पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा। परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।