गाजीपुर। वैक्सीनेशन और इंफेक्शन के बाद शरीर की प्रतिरोधक क्षमता का पता लगाने के लिए ब्लड सैंपलिंग स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुरु कर दी गई। कोरोना संक्रमित के 49 एवं नान कोविड 695 लोगों का सैंपल लेने के बाद लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। सैपलिंग के दस टीम विभाग की ओर से लगाई गई है। शनिवार को पहले दिन मुुहम्मदाबाद, सैदपुर और नगरीय क्षेत्रों में ब्लड सैंपलिंग का कार्य टीम द्वारा किया गया। शासन की ओर से कोरोना के एंटीबॉडी का स्तर पता लगाने के लिए सीरो सर्वे का कार्य कराने का निर्देश दिया गया था। साथ ही 49 कोरोना संक्रमितों की सूची भी उपलब्ध कराई गई थी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 10 टीम गठित कर सर्वे का कार्य शुरु किया गया। टीम चयनित प्रत्येक एक गांव से 24 लोगों की ब्लड सैंपलिंग करेगी। तीन दिन के अंदर होने वाले इस सर्वे कार्य को पूर्ण करने के स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी सर्तकता एवं एहतियात के साथ पूरा करने में जुटी हुई है, जिससे निर्धारित समय के अंदर 744 लोगों के ब्लड सैंपल को एकत्र कर लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा जा सके। इस संबंध में सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि सीरम के जरिए एंटीबॉडी का पता लगाया जाएगा। इसका मूल उद्देश्य है कि कोरोना संक्रमित होने के बाद अथवा वैक्सीनेशन के बाद शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कितनी विकसित हो रही है। इससे यह भी पता लगाया जाएगा कि अगर ऐसे व्यक्ति संक्रमित होते हैं तो संक्रमण का कितना असर शरीर पर रहेगा।