गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में परीक्षा केंद्रों में अनुचित साधन के प्रयोग की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और उसकी शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के निर्धारित सभी केंद्रों के निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के लिए प्रदेश स्तर पर टीमों को गठित कर दिया गया है। गठित टीम के अधिकारियों को परीक्षा से पहले एक बार 10 फरवरी तक प्रत्येक दशा में परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय लखनऊ को भेजना अनिवार्य है। इस निरीक्षण रिपोर्ट में कमी मिलने पर इसे जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलकर ठीक करना भी आवश्यक किया गया है, इसके बाद यह टीम परीक्षा के दौरान भी निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण करके प्रतिदिन की अपनी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजती रहेगी। जिले के 218 परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के लिए वाराणसी डायट के उप प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला को नामित किया गया है। जबकि बलिया जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण डायट सैदपुर के प्राचार्य उदयभान, जौनपुर के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण मिर्जापुर के मंडलीय उप शिक्षा निदेशक कोमल यादव और चंदौली के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण वाराणसी राज्य हिन्दी संस्थान की निदेशक रिचा जोशी करेंगी। मऊ में निरीक्षण की जिम्मेदारी आजमगढ़ के मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक मनोज कुमार मिश्रा करेंगे।