गाजीपुर। ब्लैक फंगस (म्यूकार माइकोसिस) को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। बेहतर चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ लोगों को जागरूक करने की तैयारी शुरु कर दी गई है। साथ ही बीमारी से संबंधित दवा की खरीद करने के लिए मेडिकल कारपोरेशन को पत्र भेजा गया है। बीमारी के लिए मंडलीय अस्पताल वाराणसी में इलाज की पूरी सुविधा उपलब्ध है। हालांकि अब तक जिले में इस बीमारी से प्रभावित मरीज नहीं मिले हैं। गैर जिलों में इस बीमारी से पीड़ित मिल रहे मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ठोस कदम उठाना शुरु कर दिया। शासन के निर्देश पर जहां डॉक्टरों को इस फंगस की जानकारी दी जा रही है। वहीं इसके संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। खासकर मधुमेह पीड़ित मरीजों को इससे बचने की सलाह दी जा रही है। चिकित्सकों के मुताबिक ऐसी अवसरवादी बीमारी से बचने के लिए मधुमेह पीड़ित मरीज अपना शुगर लेवल नियंत्रित रखें। यही नहीं गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को भी बचने की आवश्यकता है। वजह प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने पर इस बीमारी का खतरा अधिक बढ़ जाता है। सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि ब्लैक फंगस को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। मरीजों के उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल वाराणसी में व्यवस्था है। बावजूद इसके स्थानीय स्तर पर दवा पर्चेज करने की तैयारी शुरु कर दी गई है। हालांकि इससे संबंधित मरीज जिले में नहीं है। एहतियात के तौर पर तैयारी की जा रही है।