सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि भाजपा अपनी हार को पचा नहीं पा रही है और उत्पीड़न करने में लगी है। लेकिन दुखी न हो अपने गुस्से और जज्बे को अपने अंदर बचा कर रखें। इसका हिसाब लिया जाएगा। सांसद अपने 70वें जन्मदिन पर लोगों का आभार जता रहे थे।
इस मौके पर पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने सांसद के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके साथ गरीबों, मजलूमों की दुआएं है। उनका कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता। पूर्व मंत्री और विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के निवाले पर भी टैक्स लगाकर उनका जीवन दूभर कर दी है। सरकारी संस्थानों को बेचकर अपने कुछ अमीर मित्रों को लाभ पहुंचाने में लगी है।
सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि मुझे नुकसान पहुंचाने की सरकार की यह सारी कवायद मेरे शरीर के मैल जैसी है। हमारी असली संपत्ति हमारी जनता है। जिनकी हमने 40 साल से अनवरत सेवा की है। समारोह में पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, पूर्व प्रमुख शारदानंद राय, विजय किशोर राय, रामकृत सिंह यादव, वीरेंद्र यादव और छोटू यादव समेत अन्य लोग शामिल थे। आगंतुकों का स्वागत विधायक सुहैब अंसारी और संचालन शंभू सिंह अकेला ने किया।