बिरनो। बिरनो थानाक्षेत्र के पारा गांव के पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के चलते सड़क किनारे खड़े ट्रक में जाकर बाइक भिड़ गई। इससे बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक आजमगढ़ बिजली निगम में किसी पद पर इंटरव्यू देने जा रहा था। नंदगंज थाना क्षेत्र के मुड़रहा गांव निवासी विवेक यादव (29) घर से भोर में बाइक लेकर निकला था। परिजनो को बोला था कि वे आजमगढ़ जनपद में विद्युत निगम में एक पद के लिए इंटरव्यू देने जा रहा है, शाम तक लौट आएगा। सुबह घने कोहरे के चलते पारा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे टकरा गई। इससे विवेक यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे सुरेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं, परिजनों के मुताबिक मृतक की पत्नी अमृता यादव 6 माह की गर्भवती है। पति की मौत की खबर मिलते ही उसका रो-रोकर बुरा है है। बिरनो थानाध्यक्ष बिंद कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार घना कोहरा के चलते सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक भिड़ने से हादसा हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही ट्रक को जब्त कर लिया गया है।मृतक के पिता की तहरीर पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।