गहमर कोतवाली क्षेत्र के कुत्तुबपुर गांव के पास बुधवार को कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
गहमर गांव के टीका राय पट्टी निवासी बृजेश उर्फ सोनू सिंह (45) बाइक से बिहार की तरफ से आ रहे थे। कुत्तुबपुर गांव के पास गहमर की ओर से जा रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बृजेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बृजेश सिंह घर के इकलौते पुत्र थे, जिसके मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस संबंध में गहमर कोतवाल पवन उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।