कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के समीप फतेहपुर मोड़ पर बृहस्पतिवार को पिकअप से कुचलकर बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। वृद्ध परिवार रजिस्टर की नकल लेने ब्लॉक कार्यालय जा रहा था। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना क्षेत्र के बहराइच गांव निवासी रामदेव प्रजापति (70) घर से ब्लॉक कार्यालय परिवार रजिस्टर की नकल लेने को निकला था। शेखनपुर चट्टी पर एक बाइक सवार को हाथ देकर रुकवाया और गतंव्य तक छोड़ने की सिफारिश की। बाइक पर पहले से दो लोग बैठे थे। सिफारिश पर चालक ने रामदेव प्रजापति को भी पीछे बैठा लिया। कासिमाबाद-गाजीपुर मार्ग पर फतेहपुर मोड़ के पास अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में रामदेव प्रजापति बाएं तरफ सड़क पर और बाइक सवार हिमांशु (18)और सोहन राम (55) निवासी इमामुद्दीनपुर दाहिने तरफ सड़क किनारे गड्ढे में गिर गए। रामदेव प्रजापति अपने आप को संभाल पाते कि कासिमाबाद की तरफ से आ रही पिकअप उन्हें कुचलते निकल गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में सुमन राम के सिर में गंभीर चोट आई। दुर्र्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सुमन राम बिना हैलमेट के बाइक चला रहा था।
प्रभारी निरीक्षक श्याम जी यादव ने बताया कि मृतक के पुत्र अजीत की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।