बहरियाबाद। थाना क्षेत्र के बहरियाबाद-सैदपुर मार्ग पर स्थित उदंती नदी पुल पर बच्चों से भरी स्कूल वैन से बृहस्पतिवार को बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक पर बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए।थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि कृष्णा सनसाइन पब्लिक स्कूल कादीपुर की दोपहर में एक बजे छुट्टी हुई। वैन चालक यशवंत कुमार सोनकर वैन में बच्चों को बैठाया। नौ बच्चों को बैठाकर उन्हें गहनी तथा उकरांव घर पर छोड़ने जा रहा था। उदंती नदी पुल पर पहुंचते ही सामने से गलत दिशा से तेज गति से आई एक बाइक टकरा गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे में भुडकुड़ा कोतवाली क्षेत्र के बैरक गांव निवासी बाइक चालक गोलू (27) व बाइक पर सवार बलिया निवासी दिनेश (28) घसीटते हुए लगभग दस मीटर तक आगे चले गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक सवार के पैर के तीन जगह की हड्डियां टूटकर सड़क पर विखरी मिलीं। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को उपचार के लिए सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। घटना में बाल-बाल बचा तीसरा युवक दुल्लहपुर के जलालपुर धनी गांव निवासी बंशी का पुत्र मन्नू बताया जा रहा है। हादसे के बाद वह वह मौके से भाग गया। वैन के आगे का दाहिना हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया व अगला दाहिना पहिया बर्स्ट हो गया। संवाद