गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2023-25 में प्रवेश के लिए 15 जून को होने वाली बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से बैठक राइफल क्लब के सभागार में मंगलवार को हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा 15 जून को जिले के 26 केंद्रों पर कराई जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, प्रश्न पत्रों के रखरखाव आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रहे। कहीं से कोई भी कमी न रहे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। सभी परीक्षा केंद्रों में कुल 11250 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे तक एवं दूसरी पाली में दो बजे से पांच बजे तक होगी। इस परीक्षा में 26 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 14 केंद्र प्रतिनिधि एवं 52 पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र एवं ओएमआर शीट स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में खोले जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर की परिधि के अंदर कोई भी दुकान न खुली रहे तथा भीड़ भी नहीं होनी चाहिए। परीक्षार्थियों से ओएमआर शीट की प्रथम एवं द्वितीय कॉपी जमा कराएंगे तथा तृतीय कॉपी परीक्षार्थी अपने साथ ले जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन से की जाएगी। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, सभी सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक अशोकनाथ तिवारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं पर्यवेक्षक, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।