जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में जमानिया विधायक ओम प्रकाश सिंह और विधायक सदर जैकिशुन साहू की मौजूदगी में हुई। इसमें जनप्रतिनिधयों ने जनपद के प्रमुख घाटों, मंदिरों के सुंदरीकरण, ऐतिहासिक स्थलों के निर्माण, डाल्फिन प्वाईंटस, साइबेरियन पक्षियों के लिए ताल के सुंदरीकरण पर चर्चा हुई। इसके साथ जनपद के साहित्यकारों के भवनों के विकास का भी प्रस्ताव दिया गया। जिलाधिकारी ने प्रस्तावों का सर्वे करने के बाद इस्टीमेट तैयार कर शासन को प्रेषित करने की बात कही।
जिलाधिकारी ने बताया कि सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टिकोण से जिले में पर्यटन के विकास की काफी संभावनाएं हैं। इसी के दृष्टिगत जनपद के जनप्रतिनिधियों संग बैठक कर पर्यटन विकास के लिए उनके प्रस्तावों को लेकर सूची बनाई गई है। इसका सर्वे कराने के बाद इस्टीमेट तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाएगा, जिससे जनपद गाजीपुर की ब्रांडिंग हो और यहां पर्यटन का माहौल बने।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनपद में टूरिज्म की एक अलग पहचान बनेगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व अरूण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर गौरव कुमार, जिला विकास अधिकारी राजेश यादव, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी दिव्या तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राही मासूम रजा, भोला सिंह गहमरी के पैतृक आवास का होगा विकास
बैठक में सपा के दोनों विधायक की ओर से चोचकपुर घाट, नागा बाबा समाधि स्थल सईता पट्टी, नवाब साहब का पोखरा, पहाड़ खां का पोखरा, बूढ़े महादेव घाट, नवापुरा स्थित साईं बाबा मंदिर घाट, कलेक्टर घाट, बौड़हिया आश्रम, जगदमनी ऋषि घाट और भोला सिंह गहमरी, नाजीर हुसैन और राही मासूम रजा के पैतृक आवास को विरासत के तौर पर विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया।