फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आडिटोरियम में सही नहीं मिला बीम और दीवार का लेवल, डीएम भड़कीं

विज्ञापन
विज्ञापन
जिलाधिकारी ने मंगलवार को विकास भवन स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम एवं मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ऑडिटोरियम में बीम एवं दीवार का लेवल सही नहीं होने पर उनकी त्योरी चढ़ गई। इसके साथ ही मेडिकल कालेज में लेक्चर हॉल, दीवारों पर सीलन, ब्वायज हास्टल में गंदगी, गंदे पड़े वाटर कूलर एवं हॉस्टल के भवन पर लिफ्ट के लिए छोड़े गए स्थान को खुला देखकर प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाई। डीएम ने सभी गड़बड़ियों को एक सप्ताह में ठीक कराने का निर्देश दिया।
विज्ञापन

जिलाधिकारी आर्यका अखौरी सबसे पहले निर्माणाधीन आडिटोरियम पहुंची। वहां उन्होंने कार्यदायी संस्था से परियोजना के प्रारंभ और पूर्ण होने की अवधि, बजट आवंटन तथा कार्यों में प्रयोग होने वाले सामग्री की जानकारी ली। नक्शे के जरिए निर्माण कार्य देखा। ऑडिटोरियम में बीम एवं दीवार की गड़बड़ी को एक सप्ताह में सही कराने का निर्देेश दिया। साथ ही कार्यदायी संस्था को कहा कि निर्माण में प्रयोग होने वाले मैटेरियल्स की जांच सरकारी लैब में ही कराई जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारी को मजदूरों की संख्या बढ़ाते हुए 31 जनवरी 2023 तक प्रत्येक दशा में आडिटोरियम पूर्ण कर हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज के टीचिंग हॉल, गर्ल्स-ब्वायज हॉस्टल, डाइनिंग हाल का निरीक्षण किया। उपस्थित छात्र-छात्रओं से रूबरू होकर उनसे परिचय प्राप्त किया। उनसे शिक्षण कार्य तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। कालेज में लेक्चर हाल एवं एकेडमिक कक्ष की दीवारों पर सीलन होने का कारण पूछा तथा हॉस्टल में लिफ्ट के लिए बनाए गए खुले स्थान को सुरक्षा की दृष्टि से शाम तक बंद कराते हुए अवगत कराने को कहा। साथ ही दीवारों की सीलन को एक सप्ताह में सही कराने तथा लिफ्ट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने गर्ल्स एवं ब्वायज हास्टल में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति देख मजदूरों की संख्या बढ़ाकर दिसंबर माह तक निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा। जिलाधिकारी ने मेडिकल कालेज परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, कार्यदायी संस्था के अधिकारी, मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य आनंद मिश्र एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन

कम राजस्व वसूली पर डीएम ने दी चेतावनी
गाजीपुर। जिला पंचायत सभागार में सोमवार की देर शाम कर-करेत्तर एवं मासिक स्टाफ बैठक हुई। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान मंडी समिति एवं बाट माप को छोड़कर सभी विभागों की राजस्व वसूली इस माह कम होने पर फटकार लगाते हुए लक्ष्य के सापेक्ष वसूली का निर्देश दिया। उन्होंने खनन अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गंगा में बाढ़ की स्थिति कम हुई है, ऐसे में खनन माफिया सक्रिय होंगे। इस पर पैनी नजर रखते हुए किसी भी दशा में अवैध खनन न होने दिया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि आबकारी अधिकारी अवैध एवं नकली शराब बिक्री पर नजर बनाए रखें। अगर जिले में जहरीली शराब से किसी की मौत होती है तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व प्राप्ति के संबंध में जो विभाग कार्य कर रहे हैं उनकी तरफ से अपने-अपने लक्ष्य को प्रत्येक माह पूर्ण कर उसे अंतिम रूप प्रदान करें।
उन्होंने कम राजस्व वसूली वाले विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कहा कि जिन विभागीय अधिकारियों द्वारा राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं की जाएगी, उनके विरुद्ध कार्यवाही होगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करें। बैठक में एडीएम अरुण कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी सुशीललाल श्रीवास्तव, डीएफओ, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं पटल सहायक उपस्थित थे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें