सुहवल/जखनिया। सुहवल थाना परिसर में शनिवार को मुस्लिम धर्म गुरुओं संग पुलिस ने बैठक आयोजित की। इसमें प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने कहा कि कुर्बानी सार्वजनिक जगहों पर भीड़ इकठ्ठा कर नहीं दी जाएगी। चेताया कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी की सूचना पर संबंधित के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों पर लॉकडाउन तथा कोविड गाइडलाइन का पालन करने में क्षेत्र के सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है। मुस्लिम धर्म गुरुओं को आश्वासन दिया कि बकरीद के अवसर पर पर्याप्त साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि त्यौहार सौहार्दपूर्ण माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। चेतावनी दिया कि किसी के द्वारा अव्यवस्था फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उपनिरीक्षक प्रमोद यादव, लालव्रत, अमित सिंह, ओमवीर सिंह, अंजली बर्नवाल, रोहित सिंह, सिकंदर खां आदि मौजूद थे। भुड़कुड़ा कोतवाली में शनिवार को बकरीद एवं कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र के संभ्रांत लोगों की बैठक में कोतवाली के प्रभारी वैभव सिंह ने बताया कि बकरीद त्यौहार हो या कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। कांवड़ यात्रा के लिए बताया कि जो भी समितियां बनाई गई हैं उनके सदस्यों को टीकाकरण एवं कोविड जांच प्रमाण पत्र लेना आवश्यक है। न्यायालय के निर्देशानुसार ही कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। सभी लोग अपने गांव के नजदीकी शिवालय में ही जलाभिषेक करें। बकरीद त्यौहार के मद्देनजर बताया कि किसी भी प्रतिबंधित जानवर की कुर्बानी नहीं होगी। न ही खुले में कुर्बानी की जाएगी। नमाज में कोविड गाइडलाइन का पालन करना आवश्यक है। इस मौके पर सर्वानंद सिंह, दयाशंकर सिंह, वीरेंद्र यादव, गोपाल पांडेय, जाकिर हुसैन आदि उपस्थित थे।