मौधा। क्षेत्र के अनौनी गांव के निवासी और 76 वर्षीय दिव्यांग को पत्नी के खाते में पड़े 45 हजार रुपये आतत तक नहीं मिल सके। पत्नी के निधन के बाद पति बैंकों का चक्कर लगाते थक गया लेकिन बैंक अधिकारी का दिल नहीं पसीजा। सैदपुर ब्लाक क्षेत्र के अनौनी गांव के निवासी लालजी वर्मा उर्फ लालबहादुर ने बताया कि वे गांव स्थित अपने आवास में अकेले रहते हैं। बीते दो अगस्त 2019 को तबीयत खराब होने के कारण उनकी पत्नी चिंता देवी का स्वर्गवास हो गया था। पत्नी के इलाज में कर्ज तक लेना पड़ा। बताया कि पत्नी के खाते में लगभग 45 हजार की रकम पड़ी है। 20 महीनों से वह उसे लेने का प्रयास कर रहे लेकिन कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। एक पैर से दिव्यांग लालजी को पैदल चलने में मुश्किल आती है, लेकिन ऐसी हालत में ही वह यूबीआई की रसूलपुर ददरा शाखा के दर्जनों चक्कर लगा चुके हैं। उन्हें कागजों के नाम पर बार-बार दौड़ाया जा रहा है। अग्रणी जिला प्रबंधक सूरजकांत ने बताया कि बुजुर्ग के मामले पर जल्द कार्रवाई होगी।