सुहवल। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के साईतबांध के पास ताड़ीघाट बारा नेशनल हाईवे पर पिछले दस दिनों से गिराई गई गिट्टियां राहगीरों के लिए हादसे का कारण बन रही हैं। लोगों ने बताया कि दस दिन बीत गए, लेकिन हाईवे से इन गिट्टियों को आज तक नहीं हटाया। इसके चलते आवागमन करने में राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गिट्टी के बगल से होकर गुजरते समय लोग दिन रात हादसे को लेकर आशंकित रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह गिट्टियां किसके द्वारा गिराई गई है कुछ पता नहीं, प्रशासन से लेकर एनएच विभाग भी इन गिट्टियों से अनजान है। कहा कि आए दिन दुर्घटना भी हो रही है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश पनपने लगा है। लोगों ने बताया कि पिछले दस दिनों में गिराई गई गिट्टियों के चपेट में आने से अब तक दर्जन भर लोग चोटिल हो चुके हैं। गिराई गई इन गिट्टियों से आए दिन वाहनों के टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट जा रहे हैं। हाईवे पर गिट्टी गिराकर छोड़ दिए जाने से डबल लेन की सड़क सिंगल हो गई है। इससे आए दिन दो चक्का वाहन सवार गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं। चेताया कि अगर जल्द इन गिट्टियों को नहीं हटाया गया तो लोग सड़क पर उतरने को विवश होंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस संबंध में नेशनल हाइवे वाराणसी डिविजन के एक्सईन एके सिंह ने बताया कि गिराई गई गिट्टियों को जल्द हटवाने के साथ ही संबंधित को नोटिस जारी किया जाएगा।